सपोर्ट

जो सवाल हमसे सबसे ज़्यादा पूछे जाते हैं, उनके जवाब यहाँ हैं। आपका सवाल यहाँ न हो, तो हमें ईमेल कीजिए।

Yoru और बातचीत

Yoru क्या करता है?

हर शाम Yoru आपके दिन के सुराग़ जुटाता है: फ़ोटो, कैलेंडर के इवेंट, जिन जगहों पर आप रुके, स्टेप्स, नींद और वर्कआउट, और वे लंबे घंटे भी जिनका कोई सुराग़ नहीं। फिर उनके बारे में एक-एक करके छोटे सवाल पूछता है। जवाब टाइप करके दीजिए या बोलकर। जिस बात पर बोलना न चाहें, उसे “छोड़ें” से आगे बढ़ा दीजिए, और बात पूरी हो जाए तो “आज के लिए बस इतना” दबाइए।

इसके बाद Yoru एंट्री का ड्राफ़्ट लिखता है। आप उसे ख़ुद बदल सकते हैं या Yoru से दोबारा लिखवा सकते हैं। फिर “फ़ाइनल करें” दबाइए। तब तक वह ड्राफ़्ट ही रहता है।

क्या Yoru कभी अपनी तरफ़ से बातें गढ़ता है?

नहीं। ड्राफ़्ट आपकी कही बातों से बनता है। रिकॉर्ड में से कोई आँकड़ा ख़ास लगे, जैसे 12,000 स्टेप्स या साढ़े सात घंटे की नींद, तो Yoru उसे जोड़ सकता है, लेकिन जो घटनाएँ या एहसास आपने नहीं बताए, उन्हें नहीं जोड़ता। फिर भी लिखता तो AI ही है, इसलिए “फ़ाइनल करें” दबाने से पहले ड्राफ़्ट एक बार पढ़ लीजिए और जो ग़लत हो, ठीक कर दीजिए।

क्या कोई बात डायरी से बाहर रखी जा सकती है?

हाँ। अपने जवाब को दाईं ओर स्वाइप कीजिए, या उसे देर तक दबाकर “जवाब दें” चुनिए, फिर Yoru से कहिए कि यह बात राज़ रहे। उस जवाब पर “शामिल नहीं” का निशान लग जाता है और वह ड्राफ़्ट में नहीं आता। मन बदल जाए तो “फिर से शामिल करें” दबाइए।

आप सवाल छोड़ भी सकते हैं, या सेव करने से पहले ड्राफ़्ट की कोई भी लाइन हटा सकते हैं।

Yoru ने कोई बात ग़लत समझ ली। कैसे ठीक करूँ?

उसी मैसेज का जवाब दीजिए और सही बात बता दीजिए, जैसे “छोले-भटूरे नहीं, राजमा-चावल थे।” ड्राफ़्ट में आपकी सुधारी हुई बात ही जाएगी।

अगर पूरा सुराग़ ही ग़लत है, जैसे कोई जगह जहाँ आप गए ही नहीं, तो “आज” वाली स्क्रीन पर “सभी सुराग़ देखें” खोलिए, उस सुराग़ को बाईं ओर स्वाइप कीजिए और “सही नहीं” दबाइए। हटाया गया सुराग़ न सवालों में आता है, न ड्राफ़्ट में। उसे वापस लाना हो तो “हटाए गए सुराग़ वापस लाएँ” दबाइए।

यह किन डिवाइस पर चलता है?

iOS 27 या उसके बाद वाले iPhone पर। iPad और Mac पर नहीं चलता। जिन iPhone में Apple Intelligence नहीं है, उन पर भी चलता है; यह कैसे होता है, नीचे AI वाले हिस्से में देखिए।

अनुमतियाँ

कौन-सी अनुमतियाँ चाहिए? इनके बिना चलेगा?

ऐप फ़ोटो, कैलेंडर, स्थान, स्वास्थ्य, माइक्रोफ़ोन और स्पीच रिकग्निशन, और नोटिफ़िकेशन की अनुमति माँगता है, हर एक तभी जब पहली बार उसकी ज़रूरत पड़े। इनमें से किसी के बिना भी ऐप चलता है, बस सुराग़ कम होंगे।

बाद में बदलना हो तो ऐप की सेटिंग में “सुराग़ों की अनुमतियाँ” के नीचे उस लाइन पर टैप कीजिए, या iOS का सेटिंग ऐप खोलिए।

क्या स्थान की अनुमति “हमेशा” पर रखनी ज़रूरी है?

नहीं, “ऐप का उपयोग करते समय” पर भी चलता है। बस ऐप बंद रहने पर आप जहाँ-जहाँ रुकते हैं, वे जगहें दर्ज नहीं हो पातीं, इसलिए नक़्शा और सुराग़ थोड़े कम रहेंगे। स्थान का रिकॉर्ड सिर्फ़ आपके iPhone में रहता है।

हर अनुमति किस काम आती है, यह पूरा कहाँ पढ़ूँ?

प्राइवेसी पॉलिसी के अनुमतियों वाले हिस्से में। यह पेज अंग्रेज़ी में है।

AI

AI कहाँ चलता है? क्या Apple Intelligence के बिना भी चलेगा?

Apple Intelligence वाले iPhone पर सवाल और ड्राफ़्ट iPhone पर ही बनते हैं। जिन iPhone में यह नहीं है, उन पर ऐप एक बाहरी AI सेवा का इस्तेमाल करता है, लेकिन सिर्फ़ आपकी सहमति के बाद। तब वह दिन के सुराग़ों का सारांश (स्टेप्स, नींद और वर्कआउट समेत), आपके जवाब और ड्राफ़्ट भेजता है। क्या भेजा जाता है और कहाँ, यह सहमति वाली स्क्रीन पर और प्राइवेसी पॉलिसी में लिखा है।

बाहरी AI को कुछ भी भेजना बंद करना है।

सेटिंग में “बाहरी AI को भेजना” के नीचे “सहमति वापस लें” चुनिए। उसके बाद कुछ नहीं भेजा जाता। सिर्फ़ फ़ोटो भेजना बंद करना हो तो “फ़ोटो भी AI को दिखाएँ” बंद कर दीजिए।

जो भेजा जाता है, क्या वह कहीं सेव होता है?

हमारा रिले सर्वर अपने से होकर जाने वाली किसी चीज़ को न सेव करता है, न उसका लॉग रखता है। AI कंपनियाँ अपने API से मिला डेटा अपने मॉडल की ट्रेनिंग में इस्तेमाल नहीं करतीं।

आपका डेटा

डायरी एक्सपोर्ट कैसे करूँ?

सेटिंग में “डायरी एक्सपोर्ट करें” से अपनी एंट्री तारीख़ के हिसाब से Markdown में सेव या शेयर कीजिए।

अपनी डायरी और डेटा कैसे मिटाऊँ?

सेटिंग में “डेटा” के नीचे “सारी डायरी और स्थान का रिकॉर्ड हटाएँ” चुनिए। इससे आपकी एंट्री, स्थान का रिकॉर्ड, सेव किए गए जगहों के नाम और फ़ोटो की जानकारी, आपके हटाए सुराग़ और रिकैप में Yoru की बातें, सब एक साथ मिट जाते हैं। यह वापस नहीं हो सकता।

ऐप डिलीट करने पर उसका डेटा आपके iPhone से हट जाता है। ज़्यादा जानकारी के लिए प्राइवेसी पॉलिसी देखिए।

क्या डायरी नए iPhone में ले जा सकते हैं?

फ़िलहाल ऐप iCloud या किसी और तरीक़े से सिंक नहीं करता। अगर आप नया iPhone पुराने के बैकअप से सेट करते हैं, तो ऐप का डेटा भी साथ आ जाता है। बैकअप न बन पाए, तो पहले “डायरी एक्सपोर्ट करें” से अपनी एंट्री सेव कर लीजिए।

क़ीमत और सब्सक्रिप्शन

मुफ़्त समय कितने दिन का है, और उसके बाद क्या होता है?

जिस दिन आप पहली बातचीत शुरू करते हैं, उस दिन से 7 दिन तक सारे फ़ीचर मुफ़्त हैं। न खाता चाहिए, न पेमेंट का कोई तरीक़ा। 8वें दिन से ऐप चलाते रहने के लिए सालाना या मासिक सब्सक्रिप्शन ज़रूरी है। मुफ़्त दिन ख़त्म होने पर अपने-आप कोई पैसा नहीं कटता, और एक दिन पहले नोटिफ़िकेशन से याद दिला दिया जाता है।

सब्सक्रिप्शन कितने का है?

अमेरिका में यह US$49.99 सालाना या US$6.99 मासिक है। बाक़ी देशों में App Store आपकी करेंसी में इसके बराबर क़ीमत लेता है, और ऐप की ख़रीदारी वाली स्क्रीन पर ठीक-ठीक रक़म दिखती है। दोनों प्लान Apple के सब्सक्रिप्शन हैं, जो कैंसल करने तक अपने-आप रिन्यू होते रहते हैं।

सब्सक्रिप्शन कैसे मैनेज या कैंसल करूँ?

iPhone का सेटिंग ऐप खोलिए, अपने नाम पर टैप कीजिए, फिर “सब्सक्रिप्शन” पर, और Omakase Journal चुनिए। रिन्यू होने की तारीख़ से कम से कम 24 घंटे पहले कैंसल कीजिए, वरना अगली अवधि का पैसा कट जाएगा। कैंसल करने के बाद भी, जितने समय का पैसा दिया है उसके ख़त्म होने तक ऐप चलता रहेगा।

क्या पैसे वापस मिल सकते हैं?

App Store की ख़रीदारी का रिफ़ंड Apple देखता है। Apple के “Report a Problem” पेज से रिफ़ंड माँगिए। हम अपनी तरफ़ से रिफ़ंड नहीं दे सकते।

नए iPhone पर मेरे सब्सक्रिप्शन का क्या होगा?

जिस Apple अकाउंट से सब्सक्राइब किया था, उसी से App Store में साइन इन कीजिए, फिर ऐप की सेटिंग में “ख़रीदारी रीस्टोर करें” दबाइए।

संपर्क

इन जवाबों से बात न बने, या आप कोई बग बताना चाहें या कुछ माँगना चाहें, तो हमें ईमेल कीजिए। हम हर मैसेज पढ़ते हैं और बारी-बारी से जवाब देते हैं।

ईमेल भेजें

अगर आपका मेल ऐप न खुले, तो support@mamama.company पर लिखिए।

बग की रिपोर्ट में ये बातें हों तो बहुत मदद मिलती है:

अपनी डायरी का टेक्स्ट या Apple अकाउंट का पासवर्ड मत भेजिए। स्क्रीनशॉट भेजें तो जो हिस्सा हमें नहीं दिखाना चाहते, उसे ढक दीजिए।